कायमगंज (फर्रुखाबाद)। मोबाइल चोरी होने के बाद रेलवे कर्मचारी के बैंक खाते से 157000 रुपये किसी ने पार कर दिए हैं। इसकी डिटेल बैंक से निकलवाने पर पता चला कि मोबाइल के माध्यम से रुपये पार किए गए हैं। रेलवे कर्मचारी ने मामले की शिकायत एसपी से की है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव छतरई निवासी महावीर सुल्तानपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर ट्रैक मैन हैं। 27 नवंबर को महावीर गाजियाबाद स्टेशन पर गए थे। वापसी में ट्रेन में चढ़ते समय उनका मोबाइल चोरी हो गया था। इसी फोन में मोबाइल बैंकिंग सिस्टम था। कुछ देर बाद उन्हें मोबाइल चोरी होने की जानकारी हुई। घर पहुंचने के बाद दूसरे दिन वह एटीएम कार्ड से रुपये निकालने गए तो पता चला कि उनके खात से 157000 रुपये पार हो गए हैं।
उन्होंने बैंक जाकर डिटेल निकलवाई तो पता चला कि उनके मोबाइल के माध्यम से रुपये पार हुए हैं। उनके मोबाइल चोरी होने के कुछ देर बाद ही रुपये पार होने शुरू हो गए थे। महावीर ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।