नवाबगंज (फर्रुखाबाद)। डीसीएम में धान लेकर आ रहे ग्रामीण से दो सिपाहियों ने एक हजार रुपये की मांग की। रुपये देने से इनकार करने पर ग्रामीण के साथ सिपाहियों ने मारपीट कर दी। ग्रामीण ने दोनों सिपाहियों के खिलाफ तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के अचरा रोड तिराहा निवासी जुगुल किशोर गुप्ता बुधवार रात गांव जसमापुर सिरौली से डीसीएम में धान भरवाकर नवाबगंज आ रहा था। तभी सिरौली चौराहे पर तैनात सिपाहियों ने डीसीएम को रोक लिया। डीसीएम में लदे हुए सामान की जानकारी कर एक हजार रुपये की मांग की।
जुगुल किशोर ने रुपये देने से इनकार कर दिया। सिपाहियों के बार-बार कहने पर जुगुल किशोर ने थाने जाकर रुपये देने के लिए कहा। इस पर सिपाहियों ने उनके साथ मारपीट कर दी। मारपीट से आहत जुगुल किशोर ने गुरुवार को दोनों सिपाहियों के खिलाफ एक हजार रुपये रिश्वत न देने पर मारपीट करने का आरोप लगाकर तहरीर दी। एसओ अच्छेलाल पाल ने तहरीर ले ली। इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।