कमालगंज (फर्रुखाबाद)। विकास भवन में तैनात चतुर्थश्रेणी कर्मचारी के घर बुधवार दोपहर हुई चोरी के मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। हिरासत में लिए गए तीन युवकों में दो को पुलिस ने छोड़ दिया।
कन्नौज कोतवाली गुरसहायगंज के तिर्वा रोड निवासी विकास भवन के कर्मचारी कृष्णऔतार पत्नी रूबी व पुत्र अंश के साथ कस्बा के मोहल्ला शास्त्री नगर द्वितीय में भटपुरा निवासी मुकेश के मकान में किराए पर रहते हैं। बुधवार सुबह कृष्ण औतार ड्यूटी पर गए थे। दोपहर को रूबी घर के चैनल पर ताला लगाकर पुत्र अंश को स्कूल से लेने गईं थीं। इसी बीच चोर छत के रास्ते जीने से घर में घुस गए। कमरे के अंदर बक्से में रखे जेवर व नगदी चोर निकाल ले गए थे।
सूचना पर पुलिस ने छानबीन के बाद महरूपुर राबी व नई बस्ती के तीन युवकों को हिरासत में लिया था। देर रात पुलिस ने हिरासत में लिए गए दो युवकों को पूछताछ कर छोड़ दिया था। एक युवक अभी हिरासत में है। मामले की विवेचना कस्बा प्रभारी जितेंद्र पटेल को सौंपी गई। प्रभारी निरीक्षक अमरपाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।