फर्रुखाबाद। मारपीट की सूचना पर आरोपी को पकड़ने गए सेंट्रल जेल चौकी इंचार्ज व सिपाही को लाठी-डंडों से हमला कर घायल कर दिया। बाद में पुलिस ने युवक उसके माता-पिता को हिरासत में लिया है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव निनौआ के प्रधान अजय कटियार व उनके परिवार के मगन कटियार का रुपये के लेन-देन का विवाद चल रहा है। शनिवार रात मगन कटियार प्रधान के दरवाजे पर गाली गलौज कर धमकी दे रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस मगन को समझाकर वापस चली आई। रात को लगभग एक बजे मगन ने प्रधान अजय के दरवाजे पर जाकर गाली गलौज कर तोड़फोड़ की।
प्रधान की सूचना पर सेंट्रल जेल चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र कुमार व सिपाही विकसित कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद मगन कटियार को पकड़ने का प्रयास किया। परिजनों ने हमला कर दिया। लाठी-डंडों से चौकी इंचार्ज व सिपाही पर हमला कर उनको घायल कर दिया।
चौकी इंचार्ज की सूचना पर कोतवाली से पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मगन कटियार, पिता आनंद कटियार व मां मंजू कटियार को हिरासत में ले लिया। प्रधान अजय कटियार ने बताया कि रास्ते को लेकर मगन कटियार को तीन लाख रुपये देने थे। दो लाख रुपये दे चुके थे। एक लाख की चेक दी थी। उसकी तिथि अभी नहीं आई और उससे पहले ही मगन गाली गलौज करने लगा। पुलिस ने चौकी इंचार्ज धमेंद्र, सिपाही विकसित कुमार, मगन, आनंद, मंजू कटियार का लोहिया अस्पताल में मेडिकल कराया।
कोतवाल हरिश्याम सिंह ने बताया कि मारपीट की सूचना पर गए चौकी इंचार्ज व सिपाही पर लोगों ने हमला कर दिया। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।