फर्रुखाबाद। गंगा किनारे बसे कटरी धर्मपुर गांव में एक वृद्ध का शव खेतों में पेड़ से लटका मिला। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। परिजनों ने बताया कि जमीन के विवाद को लेकर वृद्ध काफी परेशान थे।
मऊदरवाजा थाने के गांव कटरी धर्मपुर निवासी छोटेलाल (62) शनिवार सुबह आठ बजे खेतों में गए थे। दोपहर तक वह घर नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई। इसी दौरान गांव के ही एक युवक ने सूचना दी कि छोटेलाल का शव एक खेत में पेड़ पर लटका है।
इस पर परिजन मौके पर पहुंचे। भाई शिशुपाल सिंह की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। परिजनों ने बताया कि उनका जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इससे वह काफी परेशान थे। छोटे लाल के बेटा रामकृष्ण और चार बेटियों में सत्यवती, सरोज, सुनीता व मनीषा हैं। पत्नी धनदेवी का रो-रो कर बुरा हाल है।