फर्रुखाबाद। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 पर शिकायत करने के बाद भी मरीज की जान नहीं बच पाई। शिकायत के चार घंटे बाद सीटी स्कैन हुआ और इसके कुछ देर बाद मरीज ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने लोहिया अस्पताल में उपचार में लापरवाही बरतने, जांचों के लिए रुपये मांगने का आरोप लगाया है।
राजेपुर क्षेत्र के गांव खंडौली निवासी विष्णु प्रकाश (45) की 24 मई की सुबह आठ बजे तबीयत खराब हुई। उनको सांस लेने में दिक्कत थी। परिजनों ने सीएचसी राजेपुर में भर्ती कराया। हालत में सुधार न होने पर डॉक्टर ने उसी दिन लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।
लोहिया अस्पताल में इलाज के नाम पर सिर्फ खानापूरी की गई। 26 मई की सुबह करीब नौ बजे परिवार के प्रभाकर पांडेय ने ठीक से उपचार व कोई जांच न होने पर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 पर शिकायत दर्ज कराई।
इसमें प्रभाकर पांडेय ने आरोप लगाया कि लोहिया अस्पताल में विष्णु प्रकाश का दो दिन से एक्सरे, सीटी स्कैन नहीं कराया गया। जांच के लिए रुपये मांगे गए और बाहर की दवा लिखी गईं। दो से ढाई सौ रुपये इमरजेंसी के कर्मचारियों ने मांगे। शिकायत के बाद 26 मई की दोपहर एक बजे विष्णु प्रकाश का सीटी स्कैन कराया गया, इसके कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई।
परिजन शव लेकर घर चले गए। विष्णु प्रकाश के भाई श्रीप्रकाश ने बताया कि अस्पताल में ठीक से उपचार न मिलने से भाई की मौत हो गई है। भाई विष्णु प्रकाश की चार बेटियां हैं, वह मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करते थे।