फर्रुखाबाद। मंदिर के ताले तोड़कर चांदी व पीतल की मूर्तियां गायब करने का आरोप लगाकर अखाड़े के राष्ट्रीय महामंत्री ने एसपी को शिकायती प्रार्थना पत्र दिया है। उन्होंने क्षेत्र के आधा दर्जन लोगों पर कब्जा करने के प्रयास का आरोप लगाया है। एसपी ने मंदिर पर पिकेट लगवाने के आदेश दिए।
श्रीपंचदशनाम आह्वान अखाड़ा दशाश्वमेघ घाट वाराणसी के राष्ट्रीय महामंत्री श्रीभान सत्यगिरी ने गुरुवार को एसपी अशोक कुमार मीणा को शिकायती प्रार्थना पत्र दिया। इसमें बताया कि संकट मोचन हनुमान मंदिर भगुआ नगला पांचाल घाट अखाड़ा से संबद्ध है। अखाड़े की ओर से कृष्णानंदपुरी व गोमतीपुरी को देखरेख के लिए अधिकृत करके भेजा गया था। उनकी मृत्यु हो चुकी है। इसके बाद से कई लोग फर्जी वसीहत बनाकर मंदिर व उससे जुड़ी संपत्ति पर कब्जा करना चाहते हैं। अखाड़े की ओर से कोर्ट में वाद दायर किया गया। जो कि विचाराधीन है। कोर्ट ने यथा स्थित बनाए रखने के आदेश दिए हैं।
इस समय मंदिर की देखरेख की जिम्मेदारी वकील कार्तिक चंद्र मिश्रा को दी गई है। 10 अगस्त को गांव सोताबहादुरपुर व आवास विकास के आधा दर्जन से अधिक लोगों ने ताले तोड़कर मंदिर में प्रवेश किया और चांदी व पीतल की कुछ मूर्तियां चोरी करके ले गए। जानकारी होने पर वकील कार्तिक चंद्र मिश्रा ने एसपी को मोबाइल से ताले तोड़े जाने की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर जाकर फिर से ताले डलवा दिए। पुलिस के जाने के बाद फिर से ताले तोड़ दिए गए। महामंत्री ने आरोप लगाया कि यह दबंग लोग मंदिर व उससे जुड़ी संपत्ति पर कब्जा करना चाहते हैं।