लोहिया अस्पताल के अल्ट्रासाउंड कक्ष में पड़ा ताला व इंतजार करते मरीज। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। डॉ. राममनोहर लोहिया पुरुष अस्पताल में प्रभारी मंत्री जितिन प्रसाद के निरीक्षण को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। डॉक्टर भी नौ बजे अपनी सीटों पर बैठ गए, मगर अल्ट्रासाउंड कक्ष का ताला 11 बजे तक नहीं खुला।
मरीज घंटों इंतजार करते रहे और नाराज भी हो गए। कर्मचारियों ने किसी तरह उन्हें शांत किया। करीब साढ़े 12 बजे रेडियोलॉजिस्ट पहुंचे लेकिन इसके बाद भी अल्ट्रासाउंड नहीं किया गया और मरीजों को समझाकर वापस कर दिया गया।
कानपुर मंडल के प्रभारी मंत्री जितिन प्रसाद 13 मई को जिले में रहेंगे। उन्हें लोहिया अस्पताल का निरीक्षण भी करना है। लिहाजा अस्पताल में तैयारियां तेजी से चल रही हैं। जिम्मेदार साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दे रहे हैं, जबकि डाक्टरों की कमी और लेट-लतीफी पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। बुधवार को डीएम के निरीक्षण की सूचना के चलते सुबह नौ बजे ही सभी डाक्टर कक्षों में पहुंच गए। हालांकि अल्ट्रासाउंड कक्ष में सुबह 11 बजे तक ताला पड़ा रहा।
राजेपुर के हरिहरपुर निवासी उमाशंकर 10 बजे से बैठे थे। बताया कि कोई बताने वाला भी नहीं है कि अल्ट्रासाउंड कक्ष कब खुलेगा। बरौन की सूरजमुखी को अपने बेटे प्रेम का अल्ट्रासाउंड कराना था। बताया कि वह सुबह साढ़े आठ बजे आ गईं थीं।
डॉक्टर को दिखाने के बाद साढ़े नौ बजे से अल्ट्रासाउंड कराने के लिए बैठी हैं। सवा 11 बजे ताला खुला तो लेट-लतीफी पर मरीज खफा हो गए। कर्मचारी ने समझाकर उन्हें शांत किया। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे रेडियोलॉजिस्ट डॉ. योगेंद्र सिंह पहुंचे। उन्होंने मेडिकोलीगल बनाना शुरू कर दिया। अल्ट्रासाउंड कराने के लिए खड़े तीन-चार मरीजों को समझाकर वापस कर दिया गया।
चार दिन से फुंका है अल्ट्रासाउंड कक्ष का एसी
अल्ट्रासाउंड मशीनें ठंडी करने के लिए कक्ष में लगा एसी बिना स्टेब्लाइजर के चला दिया गया। लिहाजा वह शनिवार को फुंक गया। दीवारें खुली होने की वजह से कक्ष का तापमान बढ़ जाता है। इससे अल्ट्रासाउंड मशीन भी कभी भी खराब होने की आशंका जताई जा रही है।