फर्रुखाबाद। बढ़पुर ब्लाक के कटरी धर्मपुर स्थित राजकीय गोसदन का नोडल अधिकारी सिटी मजिस्ट्रेट ने रविवार को निरीक्षण किया। यहां बारिश के चलते कीचड़ और गोबर की गंदगी मिली। उन्होंने गोपालकों को सफाई करने के निर्देश दिए।
राजकीय गोसदन कटरी धर्मपुर में सिटी मजिस्ट्रेट अशोक कुमार मौर्य को निरीक्षण के दौरान 470 गोवंश बताए गए। इनमें 10-15 गाय व अन्य सांड़ हैं। गोसदन में भूसा, दाना, नमक, चूना आदि पर्याप्त मात्रा मिला। जबकि चारा खाने के दौरान सांड़ के हमले में तीन मवेशी घायल मिले। इनका इलाज किया जा रहा है। गोशाल में हाल ही में मिट्टी डाले जाने से बारिश में कीचड़ हो गया। जबकि तीन स्थानों पर गोबर के ढेर लगे होने से गंदगी मिली। सिटी मजिस्ट्रेट ने गोपालकों को एक स्थान पर गोबर इकट्ठा कर सफाई कराने के निर्देश दिए। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि दो गायों ने बछड़ा व बछिया को जन्म दिया है। उनकी विशेष देखभाल के निर्देश दिए गए हैं।