चुनावी रैली के दौरान अभिनंदन करते केशवप्रसाद मौर्य।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कंपिल के केएसआर इंटर कॉलेज के ग्राउंड में गुरुवार को भाजपा प्रत्याशी अमर सिंह खटिक के पक्ष में चुनावी जनसभा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने आगे कहा कि बसपा, सपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को बरबाद किया है। प्रदेश में भाजपा सरकार बनते ही गुंडागर्दी का नामोनिशान मिटा देंगे। भ्रष्टाचार खत्म होगा।
कब्जा की गई जमीनें खाली कराई जाएंगी। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़ाया जाएगा। अब बुआ व बबुआ का खेल खत्म हो चुका है। उन्होंने अखिलेश व मायावती को सांपनाथ व नागनाथ की संज्ञा दी। कहा कि सपा ने जो भी दिया है वह जाति, धर्म देखकर दिया है। सरकार बनते ही भर्ती घोटाले समेत उनके काले कारमानों की जांच कराई जाएगी।
सपा सरकार में व्यापारी, महिलाएं सुरक्षित नहीं है। मथुरा कांड पर कहा कि सपा के गुंडों ने कब्जा कर रखा था। भाजपा की सरकार बनते ही सबसे पहला काम किसानों का कर्ज माफ करने का होगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस का तो कोई वजूद नहीं है। कांग्रेस के राहुल गांधी कहते हैं कि आलू बनाने की फैक्ट्री लगाई जाएगी, लेकिन उन्हें यह नहीं पता कि आलू खेत में उगते हैं न कि फैक्ट्री में बनाए जाते हैं।
उन्होंने कहा प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई के समय के राष्ट्रीय राजमार्ग आज भी चल रहे हैं लेकिन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में बने राजमार्ग ऊबड़ खाबड़ हो गए है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी कर पाकिस्तान से आ रहे नकली नोट को रोका गया है। पड़ोसी देश इस पैसे से आतंकवादी फैक्ट्री चला रहा था। भाजपा दहशतगर्दी खत्म करेगी। सपा, बसपा ने शिक्षा व्यवस्था बरबाद कर दी है। इसे सुधारा जाएगा। उन्होंने सपा लोकसेवा आयोग को भ्रष्टाचार आयोग बना दिया है।