कायमगंज (फर्रुखाबाद)। बुखार से सोमवार को दो और लोगों की जान ले ली। कायमगंज के मोहल्ला बगिया मंगूलाल में महिला और कंपिल की टीचर कॉलोनी में बच्ची की मौत हो गई। मोहल्ला बगिया मंगूलाल में कई लोग बीमार भी हैं।
कायमगंज के मोहल्ला बगिया मंगूलाल निवासी कर्मवीर की पत्नी सुनीता (35 ) को चार दिन से बुखार आ रहा था। रविवार रात हालत बिगड़ गई। परिजन सीएचसी ले गए जहां डॉ. विपिन कुमार ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुनीता के दो बच्चे हैं। मोहल्ले में 25 से अधिक लोग बुखार की चपेट में हैं। उनका अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। लोगों ने बताया कि शुक्रवार को मोहल्ले के रामनाथ (50) की मौत हो गई थी।
मोहल्ला लोकमन में रीता (40) पत्नी अतुल गुप्ता उर्फ डिम्पल की भी बुखार से मौत हो गई। रविवार को हालत बिगड़ने पर परिजनों ने फर्रुखाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। सोमवार को सांस लेने में तकलीफ होने पर आगरा ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई। रीता के एक पुत्र व एक पुत्री है।
कंपिल के टीचर कालोनी निवासी उपेंद्र यादव की 10 वर्षीय पुत्री मनी की भी सोमवार को बुखार से मौत हो गई। वह दो दिन से बीमार थी। परिजन स्थानीय डॉक्टर से इलाज कराते रहे।
सफाई न होने पर किया प्रदर्शन
कायमगंज। जिस बगिया मंगूलाल मोहल्ले में चार दिन में बुखार से दो लोगों की मौत हुई वहां गलियां में गंदगी भरी है। सोमवार को लोगों ने नगर पालिका के खिलाफ प्रदर्शन किया। बताया कि लंबे समय से कूड़ा भी नहीं उठाया जा रहा है। गंदगी के कारण ही बीमारियां फैल रहीं हैं।