फैसल अंसारी की फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
कायमगंज। फर्रुखाबाद रोड पर गांव दमदमा कुबेरपुर के पास रविवार की रात किसी बेकाबू वाहन की टक्कर से बाइक सवार की युवक की मौत हो गई। उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया है। परिजन उसे इलाज के लिए लखनऊ ले गए हैं। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव गऊ टोला निवासी फैसल अंसारी (32) फर्नीचर कारीगर था। जटवारा में उसकी फर्नीचर बनाने की दुकान है। रविवार की रात बाइक से गांव के ही अपने दोस्त सतीश (30) के धमगवां स्थित एक होटल पर खाना खाने गया था। वहां से लौटते समय गांव दमदमा कुबेरपुर के पास किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक फैसल चला रहा था। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें एंबुलेंस ने सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने फैसल को मृत घोषित कर दिया। सतीश को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में सतीश के परिजन उसे लखनऊ ले गए। वहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
उधर, पुलिस ने घटना स्थल पर जाकर मोबाइल की रोशनी में वाहन के टायरों के निशान देखे। अनुमान लगाया जा रहा है कि किसी बड़े वाहन की टक्कर लगी है। फैसल दो भाइयों में छोटा था और अविवाहित था।