फर्रुखाबाद। विधान परिषद चुनाव में भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवेदी को भाजपा से प्रत्याशी घोषित किया गया है। वह सोमवार को नामांकन के अंतिम दिन पर्चा दाखिल करेंगे। अभी तक किसी भी पार्टी से नामांकन दाखिल नहीं किया गया है। प्रांशु को टिकट मिलने की खुशी में भाजपाइयों ने शहर के चौक पर आतिशबाजी कर खुशी जताई।
भाजपा से टिकट के लिए कई दावेदार लाइन में थे। राज्य महिला आयोग की सदस्य मिथिलेश अग्रवाल नामांकन पत्र भी ले चुकीं थीं। इसके अलावा भाजपा से दो अन्य लोगों ने भी नामांकन पत्र लिए थे। प्रांशु दत्त द्विवेदी का टिकट फाइनल होने से अन्य दावेदारों के मंसूबे अधूरे रह गए।
21 मार्च को अंतिम दिन सभी दलों के प्रत्याशी नामांकन दाखिल करेंगे। इसके बाद नामांकन के लिए कोई मौका नहीं होगा। 22 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होने के साथ 24 मार्च को नामांकन वापसी का मौका दिया गया है।
विधानसभा चुनाव में भाजपा को बड़ी जीत मिलने के साथ ही अब विधान परिषद चुनाव के बेहतर परिणाम का भी अनुमान लगाया जा रहा है। शाम को शहर के चौक पर भाजपा नेता व कार्यकर्ता एकत्र हुए और प्रांशु दत्त द्विवेदी को टिकट मिलने की खुशी में मिठाई बांट कर आतिशबाजी की।
इस दौरान शशांक शेखर मिश्रा, रानू दीक्षित, विशाल शुक्ला, शिवांग रस्तोगी आदि मौजूद रहे। विदित है कि विधानसभा चुनाव में भी भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवदी ने टिकट मांगा था। प्रांशु दत्त फर्रुखाबाद सदर सीट से दूसरी बार विधायक बने मेजर सुनील दत्त द्विवेदी के चचेरे भाई हैं।