प्राथमिक विद्यालय रेलवे रोड पर बच्चों को सैनिटाइज कराती प्रधानाध्यापिका। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। शासन के आदेश पर बुधवार को जिले के 1290 प्राइमरी स्कूल (कक्षा एक से पांच तक) खुले। अभिभावक कोरोना की तीसरी लहर की आशंका में बच्चों को स्कूल भेजने में झिझक रहे हैं। इसके चलते पहले दिन स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या बेहद कम रही। स्कूल पहुंचे बच्चों को सामाजिक दूरी जैसे कोरोना के नियमों का पालन नहीं कराया गया। कई स्कूलों में हाथ सैनिटाइज कराए बिना छात्रों को स्कूल में प्रवेश दिया गया। कुछ स्कूलों में पहले दिन ही शिक्षकों के समय पर न पहुंचने से ताले लटके रहे और छात्रों को गेट पर इंतजार करना पड़ा।
कोरोना संक्रमण में मार्च 2021 के तीसरे सप्ताह से बंद परिषदीय विद्यालय पूरी तरह से खुल गए। 23 अगस्त को जूनियर स्कूलों में छात्रों को बुलाकर शिक्षण कार्य शुरू कराया गया था। अब एक सितंबर (बुधवार) से कक्षा एक से पांच तक के छात्र-छात्राओं को बुलाकर शिक्षण कार्य शुरू करा दिया गया। जिले में करीब 1.36 लाख विद्यार्थी पंजीकृत हैं। पहले दिन 40 प्रतिशत से भी कम विद्यार्थी स्कूल आए।
कंपोजिट विद्यालय ग्वालटोली फतेहगढ़ में 204 छात्र पंजीकृत हैं। इनमें से 68 छात्र ही उपस्थित हुए। कुर्सी पर छात्र-छात्राएं पास-पास बैठे रहे। जो छात्र मास्क लगाकर नहीं आए थे, उनको शिक्षिका ने मास्क दिए। कंपोजिट पूर्व माध्यमिक विद्यालय फतेहगढ़ में 207 में से 51 विद्यार्थी ही आए। प्राथमिक विद्यालय पुलिस लाइन में 199 पंजीकृत छात्र-छात्राओं में से पहले दिन 60 ही उपस्थित हुए। यहां भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हुआ। यही स्थिति अधिकांश स्कूलों रही।
लाइव
प्राथमिक विद्यालय रेलवे रोड में सुबह नौ बजे आने वाले छात्रों के प्रधानाध्यापिका सारिका वैश्य हाथ सैनिटाइज करा रही थीं। यहां 90 में से 18 छात्र ही स्कूल आए। प्राथमिक विद्यालय फजल इमाम में 10.21 बजे आठ छात्र टिन शेड के नीचे बैठे थे और प्रधानाध्यापिका पुष्पा राजपूत पढ़ा रहीं थीं। किराये का भवन होने से चारों ओर गंदगी का अंबार था। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय वीरपुर नवाबगंज में सुबह 8.20 बजे गेट पर ताला पड़ा था। पार्ट टाइम कंप्यूटर शिक्षिका पिंकी गेट के बाहर खड़ी थीं। उन्होंने बताया कि प्रियंका शंखवार प्रभारी हैं। चाबी उनके पास है। उनके आने पर स्कूल खुलेगा। प्राथमिक विद्यालय नगला झब्बू सिंह नवाबगंज में सुबह आठ बजे ताले पड़े थे। वहां गेट के पास खड़े लोगों ने बताया कि एक-दो बच्चे आए थे, गेट बंद होने से वह लौट गए। अब गेट खुलने पर आएंगे। प्राथमिक विद्यालय गदनपुर देवराजपुर कमालगंज खुलने पर 18 छात्र आए। 9.29 बजे कक्षा चार में शिक्षामित्र नीलम छात्रों को पढ़ा रहीं थीं। प्रधानाध्यापिका मालती देवी ने बताया कि स्कूल में 114 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। बिना मास्क आए बच्चों को वापस कर दिया गया। प्राथमिक विद्यालय भटपुरा शमसाबाद में सुबह 8.40 बजे छात्र कक्षों में बैठे थे। इस स्कूल में 95 छात्र पंजीकृत हैं। पहले दिन 20 ही आए थे। जो बिना मास्क आए थे, उनको लौटा दिया गया। प्राथमिक विद्यालय खटा मोहम्मदाबाद में सुबह 11.15 बजे शिक्षिका नेहा बच्चों को कक्ष में पढ़ा रहीं थीं। उन्होंने बताया कि 80 छात्र-छात्राएं पंजीकृत है। पहले दिन 14 ही स्कूल आए। प्राथमिक विद्यालय गौटिया अमृतपुर में 11.50 बजे बच्चे एमडीएम खा रहे थे। सभी बच्चे मेज पर बैठे थे। एमडीएम से पूर्व सभी के हाथ धुलवाए गए।
बोले जिम्मेदार
बीएसए लालजी यादव ने बताया कि छात्रों को अभिभावक के सहमति पत्र देने पर स्कूल में बुलाया जाएगा। इसी कारण पहले दिन छात्रों की उपस्थिति काफी कम रही। सहमति पत्र धीरे-धीरे बढ़ने से उपस्थिति भी बढ़ जाएगी। जो स्कूल समय से नहीं खुले, उसकी जानकारी की जाएगी।
प्राथमिक विद्यालय तलैया फजल इमाम में जर्जर टिनशेड के नीचे बैठे बच्चे। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD