फर्रुखाबाद। माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने जिला विद्यालय निरीक्षक को 14 सूत्री ज्ञापन देकर शिक्षकों की समस्याएं गिनाईं। कोरोना संक्रमित कार्यवाहक प्रधानाचार्य की मृत्यु पर परिजनों को पेंशन, जीपीएफ व सामूहिक बीमा का भुगतान न होने पर नाराजगी जताई।
ज्ञापन में कहा कि कार्यवाहक प्रधानाचार्य अवधेश चंद्र 31 मार्च को सेवानिवृत्त हुए थे। अभी तक उनको पेंशन, जीपीएफ का भुगतान नहीं किया गया। कोरोना संक्रमित होने से कार्यवाहक प्रधानाचार्य मनोज कुमार की मौत हो गई थी। उनकी पेंशन, जीपीएफ व सामूहिक बीमा भुगतान को पत्रावली डीआईओएस कार्यालय में जमा की गई थी। अभी तक मनोज कुमार के परिजनों को कोई लाभ नहीं मिल सका। रखा बालिका इंटर कॉलेज से संबद्ध प्राइमरी की सहायक अध्यापिका रेनुका बाला को 22 साल हो गए हैं।
उनकी प्रोन्नति वेतन पत्रावली विद्यालय स्तर से नहीं भेजी गई। 2005 के बाद नियुक्त अध्यापक जिनका एनपीए कट रहा है, उनका शासकीय अंशदान खातों में जमा नहीं किया गया है। अनुदान खातों में जमा कराने की मांग की। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. आदर्श कुमार त्रिपाठी ने संगठन के नेताओं को समस्याओं का निस्तारण करने का आश्वासन दिया। इसके बाद संगठन के लोग वित्त एवं लेखाधिकारी से मिले। उन्होंने बताया कि 22 स्कूलों के शिक्षक व कर्मचारियों का जून का वेतन भुगतान नहीं हुआ है। वित्त एवं लेखाधिकारी ने कहा कि उन्होंने बिलों पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। जल्द भुगतान हो जाएगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष लालाराम दुबे, जिला मंत्री नरेंद्र पाल सिंह सोलंकी, जिला उपाध्यक्ष संतोष दुबे, सत्येंद्र सिंह, अतुल दास मौजूद रहे।