फर्रुखाबाद। पुलिस की जोनल स्तरीय प्रतियोगिता में फर्रुखाबाद की टीम ने कबड्डी, बॉडी बिल्डिंग और पॉवर लिफ्टिंग की बैजंती (ट्रॉफी) पर कब्जा कर लिया। भारोत्तोलन के दोनों वर्गों में कानपुर नगर और मुक्केबाजी के पुरुष वर्ग में झांसी व महिला वर्ग में कानपुर नगर की टीम ने सर्वाधिक अंक हासिल किए। एसपी ने विजेता टीमों को पुरस्कृत किया।
पुलिस की कानपुर जोन की 25वीं खेलकूद प्रतियोगिता का स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम पर आयोजन किया गया। अंतिम दिन कानपुर नगर व फर्रुखाबाद टीमों के बीच कबड्डी का फाइनल मैच हुआ। फर्रुखाबाद के कप्तान भूपेंद्र सिंह ने शानदार प्रदर्शन कर अंतिम क्षणों में अंक अर्जित कर अपनी टीम को जीत दिला दी। बॉडी बिल्डिंग में फर्रुखाबाद की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पॉवर लिफ्टिंग के पुरुष वर्ग में फर्रुखाबाद ने 180 और महिला वर्ग में कानपुर नगर की टीम ने 81 अंक लेकर चलबैजंती जीती। भारोत्तोलन में कानपुर का दबदबा रहा।
पुरुष वर्ग में 184 और महिला वर्ग में 109 अंक हासिल कर दोनों ही वर्गो की बैजंती पर कब्जा कर लिया। मुक्केबाजी के पुरुष वर्ग की चलबैजंती झांसी व महिला वर्ग की कानपुर नगर ने जीती। झांकी की टीम ने 10 और कानपुर नगर की टीम ने 11 अंक जीते। जोनल प्रतियोगिता के विजेता 19 नवंबर से मेरठ में होने वाली प्रतियोगिता में खेलेंगे।
एसपी अशोक कुमार मीणा ने विजेता टीमों व खिलाड़ियों को शील्ड व अन्य पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने खेलकूद प्रतियोगिता में हिस्सा लेने से शरीर व मन स्वस्थ्य रहता है। जीत व हार खेल के दो पहलू हैं। हारने वाले को फिर से मेहनत कर अपने खेल को निखारने का प्रयास करना चाहिए। हार से हताश नहीं होना चाहिए।
निर्णायक मंडल से प्रबल पाठक, संजीव कटियार, सरवेंद्र सिंह, प्रताप सिंह, सचिंद्र सिंह, पंकज यादव, पीटीआई सुनील कुमार, जगदीश बघेल रहे। संचालन कर रही दीपिका त्रिपाठी को भी एसपी ने पुरस्कृत किया। इस दौरान सीओ लाइन प्रदीप सिंह, होमागार्ड कमांडेंट शैलेंद्र सिंह, प्रभारी प्रतिसार निरीक्षक वेद सिंह, फतेहगढ़ कोतवाल जय प्रकाश पाल मौजूद रहे।
फतेहगढ़ स्थित स्टेडियम में उपविजेता कानपुर कबड्डी टीम को शील्ड देते एसपी अशोक कुमार मीणा। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD
फतेहगढ़ स्थित स्टेडियम में कबड्डी खेलते खिलाड़ी। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD