चांदपुर में दबंगों ने किया पथराव, मां-बेटा घायल
फर्रुखाबाद। शहर से सटे गांव में दबंगों ने एक परिवार पर पथराव कर दिया। घर में घुसकर मां और बेटे को लाठी-डंडों से पीटा। इससे दोनों लहूलुहान हो गए। चीख-पुकार पर मोहल्ले के लोगों को आता देख हमलावर फरार हो गए। महिला ने तीन नामजद समेत परिवार के अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया है।
गांव चांदपुर निवासी प्रतीक कटियार अपने मकान के बाहर बैठा था। उसी समय मोहल्ले की नीरज देवी, गौरव व अमन परिजनों के साथ पहुंचे और गाली देने लगे। मना करने पर प्रतीक को पीटने लगे। शोर होने पर उसकी मां ममता कटियार पहुंची, तो दबंगों ने उन्हें भी पकड़ लिया।
वह भागकर अपने घर में घुसी तो दबंगों ने पथराव कर दिया। सभी दबंग घर में घुस आए और ममता तथा प्रतीक को लहूलुहान कर दिया। चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोगों को आता देख हमलावर मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पांचाल घाट चौकी प्रभारी हरिओम प्रकाश त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को कोतवाली भिजवाकर डाक्टरी परीक्षण कराया। पुलिस ने ममता की तहरीर पर महिला नीरज, युवक अमन, गौरव समेत नीरज के अज्ञात परिजनों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दूसरे पक्ष की नीरज ने भी कराई डाक्टरी
घटना में नामजद नीरज कटियार ने भी लोहिया अस्पताल में डाक्टरी परीक्षण कराया है। मारपीट की घटना में उसके भी चोटें बताई जा रही हैं। हालांकि दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ है।