संदिग्ध हालात में महिला का शव फांसी पर लटका मिला। घटना के बाद पति घर
छोड़कर भाग गया। सूचना मिलने पर पहुंचे मायके वालों ने पति समेत चार लोगों
के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम को
भेज दिया है। थाना क्षेत्र के गांव बलीपुर निवासी सहवीर सिंह की शादी
करीब 15 साल पहले मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव अभयपुर नगरिया
निवासी सुनीता देवी (38) के साथ हुई थी। सहवीर के तीन पुत्र और दो
पुत्रियां हैं। शनिवार को सहवीर की
पत्नी सुनीता देवी बच्चों के साथ दूसरी
मंजिल पर सो रही थी । सहवीर जानवर बांधने वाले हाते में सो रहा था। रविवार
को तड़के बच्चे उठे तो मां को न देख वह लोग नीचे वाले कमरे में पहुंचे।
कमरे में मां का शव रस्सी से फांसी पर लटका देख यह शोर मचाने लगे। इस पर
सहवीर और आसपड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के सहयोग से सहदेव ने
सुनीता को फांसी के
फंदे से नीचे उतारा । तब तक सुनीता की मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद सहदेव घर से भाग गया। ग्रामीणों की सूचना पर सुनीता के भाई
सतीश कुमार परिजनों के साथ पहुंच गए। सतीश कुमार ने थाने में सूचना दी। एसओ
मुकेश यादव और सीओ लेखराज सिंह ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने
पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम को भिजवाया। मायके वालों ने सुनीता
की हत्या
करने का आरोप लगाया है। सतीश की तहरीर पर पुलिस ने मृतका के पति सहदेव के
अलावा जागेश्वर, महेश्वर और कामेश्वर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ
ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर
ली गई है।