खुर्जा (बुलंदशहर) से 9 जून को अपहृत हुए बालक को पुलिस ने राजेपुर के गांव
हरिहपुर से छुड़ाया है। शुक्रवार रात खुर्जा और राजेपुर की पुलिस टीम इस
कार्रवाई को अंजाम दिया जिसमें मुख्य आरोपी हाथ नहीं लगा। इस दौरान छह
लोगों को पकड़ा गया जिसमें तीन को हिरासत में लेकर पुलिस टीम खुर्जा रवाना
हो गई है।
शुक्रवार देर रात थाना खुर्जा के एसओ दुष्यंत उपाध्याय ने
थाना राजेपुर के एसओ श्रीकांत यादव को साथ लेकर थाना क्षेत्र के गांव
हरिहरपुर निवासी कल्लू सिंह के घर दबिश दी। यहां से एक पांच साल के बालक को
बरामद कर छह लोगों को पकड़ लिया। एसओ खुर्जा के मुताबिक टेनापोसपुर थाना
खुर्जा (बुलंदशहर) निवासी पप्पन सोलंकी के पुत्र लव सोलंकी (5) का 9 जून
को
अपहरण हो गया था। पप्पन ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
छानबीन में पता चला कि गुंजडुडवारा जिला एटा निवासी प्रदीप कुमार खुर्जा
में नौकरी करता था और पप्पन सोलंकी के घर के पास ही किराए पर रहता था।
प्रदीप ने अपने साथियों के सहयोग से लव का अपहरण कर लिया। खुर्जा पुलिस ने
11 जून को प्रदीप के घर दबिश दी और उसके
पिता रामऔतार को हिरासत में ले
लिया। रामऔतार की निशानदेही पर पुलिस ने 12 जून की रात प्रदीप की ससुराल
हरिहरपुर थाना राजेपुर निवासी कल्लू सिंह के घर दबिश देकर लव को बरामद कर
लिया। एसओ खुर्जा ने बताया कि प्रदीप कुमार हत्थे नहीं लगा। पकड़े गए
लोगों ने अपने नाम सुधीर, बबलू, अमित पांडेय, जसवीर, रोहित और अजय कुमार
निवासी हरिहरपुर
बताए हैं। खुर्जा पुलिस सुधीर, बबलू और अमित पांडेय को
हिरासत में लेकर खुर्जा ले गई। उधर, कल्लू सिंह ने बताया कि प्रदीप कुमार
उनके भाई रामवीर का दामाद है। पिछले दिनों प्रदीप बालक को घर लेकर आया और
कहा कि यह उसका भांजा है। उन्हें नहीं पता था कि प्रदीप बालक को अपहरण करके
लाया है। एसओ राजेपुर श्रीकांत यादव ने बताया कि हिरासत में लिए गए युवकों
से पूछताछ की जा रही है।