थाने में रखीं अखिलेश-मोदी की छपीं पतंगें।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
आसमान में अखिलेश-मोदी के पेंच लड़ने की योजना को वसंत पंचमी के एक दिन पहले थाना पुलिस का ग्रहण लग गया। पुलिस ने कस्बे की एक दुकान से मोदी और अखिलेश की फोटो छपी पतंगे बरामद की हैं। संबंधित दुकानदार के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मुख्य मार्ग स्थित अशोक अग्रवाल की दुकान से 73 पतंगें बरामद कीं। इसमें तीन पतंगों पर मुलायम सिंह यादव और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की फोटो के साथ सरकारी योजनाएं भी छपी हैं।
70 पतंगों में प्रधानमंत्री मोदी की फोटो के साथ सबका साथ सबका साथ सबका विकास का नारा भी छपा है। एसओ सुनील यादव ने बताया कि आचार संहिता से खिलवाड़ करने को रखीं गईं पतंगें बरामद कर ली हैं। दुकानदार के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अन्य उम्मीदवारों पर भी नजर रखी जा रही हैं ताकि वे वसंत पंचमी के त्योहार पर पतंगें न बांटने पाएं।