अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के ब्रजप्रांत अध्यक्ष और एसआरके कालेज के प्रोफेसर प्रभाष्कर राय के यहां सोमवार की दोपहर बदमाशों ने डाका डाला था। मामले में अभी तक पुलिस के हाथ कोई ठोस सबूत नहीं लगे हैं। पुलिस वारदात का जल्द खुलासा करने की बात कह रही है। पुलिस का कहना है कि प्रोफेसर के पड़ोस के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे से कुछ तथ्य हाथ लगे हैं। उस पर जांच की जा रही है। साथ ही प्रोफेसर के यहां काम करने वाली महिला और युवती से भी पूछताछ की गई है।
एसआरके पीजी कालेज के प्रोफेसर प्रभाष्कर राय के घर बदमाशों ने सोमवार सुबह धावा बोल दिया था। उनकी वृद्ध मां कवलवासी के हाथ पैर बांधकर हजारों की नकदी और लाखों के सोने चांदी के आभूषण लूटकर ले गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वारदातस्थल का निरीक्षण करने के साथ ही प्रोफेसर राय की तहरीर पर लूट की रिपोर्ट दर्ज की थी। कोतवाल उत्तर ने बताया कि वारदात की जांच की जा रही है। प्रोफेसर के पड़ोस में एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया गया था। इससे कुछ सबूत हाथ लगे हैं। उन पर काम किया जा रहा है। घटना का खुलासा जल्द किया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस प्रोफेसर के यहां काम करने वाली कौशल्यानगर निवासी खुशबू के यहां पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने खुशबू से पूछताछ की। उसके द्वारा दी गई जानकारी पर भी पुलिस जांच कर कार्रवाई करने की बात कह रही है।
जुलाई में काम पर आई थी खुशबू
प्रोफेसर प्रभाष्कर राय की मानें तो उनके यहां दो काम वाली बाई आती हैं। इसमें नारखी के गांव गौंछ निवासी गुड्डी पिछले तीन साल से काम कर रही है। वहीं, कौशल्यानगर निवासी खुशबू को जुलाई में काम पर रखा था। मंगलवार को गुड्डी तो काम पर आई लेकिन खुशबू नहीं आई। वहीं, खुशबू का भाई गुलशन भी कोठियों पर काम करता है।
भाजपा ने की घटना की निंदा, जल्द खुलासे की मांग
फीरोजाबाद(ब्यूरो)। भाजपा की एक बैठक का आयोजन नगर अध्यक्ष कन्हैयालाल की अध्यक्षता में किया गया। बैठक के दौरान वक्ताओं ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रोफेसर प्रभाष्कर राय के यहां पड़ी डकैती की निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन से घटना के जल्द खुलासे की मांग की। मांग करने वालों में प्रदेश कार्यकारिणी समिति के सदस्य शिवमोहन श्रोत्री, संजय मिश्र, राधेश्याम यादव, प्रेमवीर सविता, अजय गुप्ता, रामनरेश कटारा, महेश पूरन, चेतराम यादव, सुधीर शर्मा, पुष्पेंद्र बघेल आदि रहे।