एक माह से गायब युवक की हत्या कर शव को गंगा किनारे जमीन में दबाने के आरोप में पिता-पुत्र समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इसमें साक्ष्य मिटाने का आरोप लगाया गया है।
कन्नौज जिले के थाना गुरसहायगंज के गांव मुर्रा निवासी भंवर सिंह ने मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव पचपुखरा निवासी छोटेलाल उर्फ लालू, इसके पुत्र सचिन और ग्यादीन की मड़ैया निवासी मुनेश्वर के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने व एससीएसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इसमें कहा कि 20 वर्षीय पुत्र अरुण पचपुखरा गांव निवासी सचिन के घर रहकर कृषि कार्य करता था। वह सचिन का ट्रैक्टर चलाता था। मजदूरी के सचिन पर करीब 42 हजार रुपये बकाया थे।
इसकी मांग करने पर सचिन पुत्र से नाराज होता था। 10 मई को सचिन गल्ला काटने के लिए पुत्र को ट्रैक्टर के साथ लेकर गया था। पुत्र खेत से लौट कर नहीं आया। पुत्र की गुमशुदगी 29 मई को मऊदरवाजा थाने में दर्ज कराई थी।
मालूम हुआ कि आरोपियों ने पुत्र की अंगौछा से गला घोट कर हत्या कर दी और शव को गंगा किनारे जमीन दबा दिया। पुलिस नामजद आरोपियों को चार दिन से हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
एक दिन पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर गायब अरुण के शव की खोज की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने युवक की खोज बंद कर दी।
पिता-पुत्र समेत तीन के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज
ट्रैक्टर चालक को मार डालने का है आरोप
चार दिन से आरोपियों को हिरासत में लेकर हो रही पूछताछ