फर्रुखाबाद। रोडवेज बस में सीट पर बैठने को लेकर विवाद हो गया। एक यात्री ने अपने साथियों को फोन से बुला लिया। उन्होंने बस में यात्रियों के साथ मारपीट कर दी। एक लाख रुपये लूटने का आरोप लगाया गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। यात्री ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।
जिला हरदोई थाना अरवल के गांव सिया निवासी गोविंद दुबे राजस्थान में किसी प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। गुरुवार को रोडवेज बस से अपने घर जा रहे थे। उनके साथ चाचा विनोद कुमार, भाई संजीव और दोस्त भी थे। बस में थाना राजेपुर के गांव कड़क्का निवासी रईस खां भी था। उससे सीट पर बैठने को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी के दौरान रईस ने मोबाइल कर अपने साथियों को पांचाल घाट पर बुला लिया। जैसे ही बस पांचालघाट पुल पर रुकी आरोप है कि रईस और उसके साथियों ने गोविंद और उसके परिवार वालों के साथ मारपीट शुरू कर दी। सूचना पर चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में ले लिया। गोविंद ने आरोप लगाया कि हमलावर उनके और परिवार के अन्य लोगों से एक लाख रुपये लूट ले गए। घटना की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मारपीट के दौरान रुपये गिर जाने का जिक्र किया है। गुरुवार को पुलिस ने राजेपुर के गांव कड़क्का निवासी रईस, सलीम, मुस्तकीम, उरमान, फरे और गांव अलीगढ़ निवासी इमरान को गिरफ्तार कर लिया। वहीं सिपाही मोहम्मद अकरम ने भी रईस और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें कहा गया कि मारपीट की सूचना पर वह मौके पर पहुंचे। मारपीट होने से इटावा-बरेली हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई थी।
-सीट पर बैठने को लेकर हुआ विवाद
-पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया
अमर उजाला ब्यूरो