फर्रुखाबाद। डेबिट कार्ड बदलकर 50 से ज्यादा लोगों को लाखों की चपत लगाने वाले दो शातिरों को एसओजी ने पकड़ा है। पकड़े गए लोगों के पास से अलग-अलग बैंकों के 55 डेबिट कार्ड, एक कार और 5500 रुपये बरामद हुए हैं।
पुलिस लाइन के सभागार में सीओ सिटी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि मोहम्मदाबाद कोतवाली के गांव जैतपुर निवासी शैलेंद्र सिंह चार दिन पहले एटीएम से रुपये निकालने गए थे। इसी दौरान दो युवकों ने उसका डेबिट कार्ड बदलकर 32 हजार रुपये निकाल लिए थे।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर युवकों की तलाश शुरू कर दी। एसपी अशोक कुमार मीणा ने खुलासे के लिए एसओजी प्रभारी बलराज भाटी, सर्विलांस प्रभारी जेपी शर्मा व मदनपुर चौकी इंचार्ज अशोक कुमार को लगाया था। एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे में दोनों युवकों की फोटो कैद हो गई थी।
एसओजी ने सूचना पर कासगंज की सदर कोतवाली के मोहल्ला दुर्गा कालोनी बिलराम गेट के पास रहने वाले मानपाल राजपूत और अलीगढ़ के पाली थाना के गांव खरौआ खेड़ा निवासी वीरेश यादव को शुक्रवार रात चेकिंग के दौरान रोहिला चौराहे से दबोच लिया।
पकड़े गए दोनों लोगों के पास से पुलिस ने 55 डेबिट कार्ड, एक कार, एक मोबाइल व 5500 रुपये बरामद किए। पूछताछ में दोनों शातिरों ने बताया कि शैलेंद्र सिंह का डेबिट कार्ड बदलकर इन लोगों ने ही 32 हजार रुपये निकाले थे। दोनों के खिलाफ मोहम्मदाबाद कोवताली में मुुकदमा दर्ज कर उनको कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
मध्य प्रदेश व राजस्थान में कई घटनाओं को दे चुके अंजाम
पकड़े गए मानपाल राजपूत व वीरेश मध्य प्रदेश व राजस्थान में कई घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं, लेकिन वह पकड़ में नहीं आए। मानपाल राजपूत के खिलाफ अलीगढ़ सहित जनपद में चार मुकदमे दर्ज हैं। वीरेश यादव के खिलाफ अलीगढ़, मथुरा व जनपद में धोखाधड़ी, मादक पदार्थ के आठ मुकदमे दर्ज हैं।