शहर के मोहल्ला गढ़ी हिम्मत बहादुर में अंकित के रोते परिजन। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। शहर के मोहल्ला गढ़ी हिम्मत बहादुर में मायके में रह रही पत्नी से मोबाइल पर बात करने के बाद युवक ने फांसी लगा ली। परिजनों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से नीचे उतारा। परिजनों के मुताबिक युवक ने पत्नी से बातचीत में कहा था कि अगर वह मायके से ससुराल नहीं आई तो वह खुदकुशी कर लेगा। उसके बाद यह कदम उठा लिया।
मोहल्ला गढ़ी हिम्मत बहादुर निवासी प्रवेश श्रीवास्तव के बेटे अंकित श्रीवास्तव (21) का विवाह चार माह पूर्व हुआ था। गुरुवार सुबह अंकित का पत्नी रूबी से किसी बात पर विवाद हो गया। इसके बाद रूबी गुस्से में मायके मोहल्ला सलावत खां चली गई। बड़ा भाई राहुल और छोटा हिमांशु व मां नीलम अपने-अपने काम पर चले गए। घर में बड़े भाई राहुल की पत्नी कोमल थी।
कोमल ने परिजनों को बताया कि अंकित अपने कमरे में लेटकर मोबाइल से पत्नी से बात कर रहा था। वह उससे कह रहा था कि तुम जल्दी ससुराल आ जाओ, नहीं तो हम फांसी लगा लेंगे। अंकित कुछ देर बाद चुप हो गया। उसने सोचा कि अंकित सो गया है। शक होने पर उसने खिड़की से कमरे में झांक कर देखा, तो अंकित पंखे से साड़ी के सहारे फंदे से लटक रहा था। कोमल ने फोन कर पति राहुल को बुलाया।
राहुल ने घर पहुंचकर आसपास के लोगों की मदद से कमरे का दरवाजा तोड़कर अंकित को फंदे से उतारा। इसके बाद बाद उसे निजी अस्पताल ले गया। वहां डॉक्टर ने अंकित को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर रूबी भी रिश्तेदारों के साथ ससुराल पहुंच गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस के मुताबिक यदि परिजन तहरीर देंगे, तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।