फर्रुखाबाद। जमानत पर जिला कारागार से छूट कर आए आरोपी ने डिप्टी जेलर व दो सिपाहियों के खिलाफ सीजेएम कोर्ट में अर्जी दायर की है। इसमें जेल में बंद रहने के दौरान निर्वस्त्र कर पीटने और नाजुकअंग पर पेट्रोल डालने का आरोप लगाया है। सीजेएम ने फतेहगढ़ कोतवाल से आख्या तलब की है।
मेरापुर क्षेत्र के गांव मुरलीधर बेहटा निवासी सत्यभान ने जिला कारागार फतेहगढ़ के डिप्टी जेलर सुभाष सोनकर व दो अज्ञात सिपाहियों के खिलाफ अर्जी दायर की है। इसमें कहा कि एक अपराध में वह जेल में निरुद्घ था। 6 दिसंबर को जमानत होने पर जेल में उसकी रिहाई का परवाना (आदेश) पहुंचा। डिप्टी जेलर ने उसको जानबूझ
कर शाम को जेल से रिहा नहीं किया। सात दिसंबर को सुबह सात बजे डिप्टी जेलर ने उसको बैरक से बाहर निकाला और निर्वस्त्र कर दिया। डिप्टी जेलर व दो सिपाहियों ने उसको डंडों से दीवार के सहारे खड़ा कर पीटा। जेल के बाहर परिजन उसके बाहर आने का इंतजार करते रहे। करीब डेढ़ घंटे पिटाई करने के बाद उसके नाजुक
अंग पर पेट्रोल डाल दिया। इससे वह मरणासन्न अवस्था में पहुंच गया। तब डिप्टी जेलर ने उसको जेल गेट के बाहर सिपाहियों से छुड़वा दिया। घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए फतेहगढ़ कोतवाली गया। वहां पुलिस ने
उसको भगा दिया। एसपी और डीएम से शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई और न उसका मेडिकल कराया गया। पीड़ित ने कोर्ट में न्याय की गुहार लगाई है। सीजेएम ने फतेहगढ़ कोतवाल से आख्या मांगी है।