फर्रुखाबाद। अमृतपुर क्षेत्र में बाढ़ में टूटी पुलिया से बाइक गिरने पिता-पुत्री गड्ढे में भरे पानी में डूब गए। ग्रामीणों ने दोनों को लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने बेटी को मूत घोषित कर दिया। वह पिता के साथ बुखार की दवा लेकर गांव लौट रही थी।
शमसाबाद क्षेत्र के गांव कैलियाई निवासी किसान ब्रजेश की 17 वर्षीय बेटी पिंकी कक्षा 12 की छात्रा थी। कुछ दिन से उसे बुखार आ रहा था। ब्रजेश बेटी को अमृतपुर क्षेत्र के गांव माखन नगला दवा दिलाकर शाम को करीब सात बजे लौट रहे थे।
माखन नगला-हमीरपुर के बीच पुलिया बाढू में टूट गई थी। इस पुलिया से निकलते समय जंगली सुअर ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे पिता-पुत्री बाइक समेत गड्ढ़े में भरे पानी में जा गिरे। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों ने उन्हें निकालकर एंबुलेंस से लोहिया अस्पताल भेजा गया। वहां डॉक्टर ने पिंकी को मृत घोषित कर दिया।
ब्रजेश ने बताया कि पिंकी के कान में जोंक घुस गई थी। बाद में जोक नाक से बाहर निकली। इससे काफी खून बहने लगा था। दो बेटे हिमांशु और दीपांशु हैं। पिंकी इकलौती बेटी थी। आवास विकास चौकी प्रभारी जगदीश भाटी अस्पताल पहुंचे। परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते रहे। पुलिस कागजी कार्रवाई कर रही है।