लूट की घटना के बाद नगला दमू रोड पर जानकारी करते पुलिस कर्मी।
- फोटो : FARRUKHABAD
तमंचे के बल पर जेवर लूटने का आरोप
नवाबगंज। दंपती ने तमंचे के बल पर तीन लाख रुपये के जेवर लूटने की शिकायत की है। जानकारी मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई। पुलिस प्रथम दृष्टया घटना को संदिग्ध बता रही है।
जनपद एटा थाना अलीगंज के गांव परसौली मिलकिया निवासी बलवीर यादव, पत्नी ज्योति यादव के साथ रक्षाबंधन पर थाना नवाबगंज के गांव नगला बेग स्थित अपनी ससुराल आया था। सोमवार को बलवीर बाइक से पत्नी को लेकर अपने गांव जा रहा था। जब दोनों नगला दमू मार्ग पर पहुंचे तो वहां पर पहले से एक बोलेरो व एक कार खड़ी थी।
आरोप है कि उसमें सवार लोगों ने बलवीर की बाइक रोक ली और उसकी कनपटी पर तमंचा लगा दिया। उन लोगों ने बलवीर की सोने की चेन, दो अंगूठी, ज्योति का सोने का हार, मंगलसूत्र, सोने की चेन व पांच अंगूठी लूट लीं। बोलेरो व कार पर सवार लोग किसरौली की ओर चले गए।
बलवीर ने पत्नी के साथ थाने जाकर लूट की जानकारी दी। इस पर एसओ अंकुश राघव फोर्स के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शी युवक ने बताया कि बोलेरो व कार में सवार लोग ज्योति को जबरन बैठाने का प्रयास कर रहे थे। एसओ ने लूट की घटना को शुरुआती जांच संदिग्ध बताया और जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कही।