झाड़ियों में पड़ा मिला एटा से अपहृत युवक
नवाबगंज। एटा जिले से अपहृत युवक सोमवार रात नवाबगंज पुलिस को सिरौली गांव के पास झाड़ियों में बंधा पड़ा मिला। एसओ की सूचना पर अलीगंज पुलिस उसे साथ ले गई। अपहृत के पिता ने अपने गांव के साथ लोगों के खिलाफ अलीगंज थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नवाबगंज थानाध्यक्ष अंकुश राघव ने बताया कि सोमवार देर रात मोहम्मदाबाद रोड पर गश्त कर रहे थे। सिरौली गांव के मजरा नगला गेरुआ के सामने कालेज के पास झाड़ियों में एक युवक बंधा पड़ा था। हाथ पैर खोलकर उससे पूछताछ की गई। युवक ने अपना नाम जितेंद्र सिंह निवासी टपुआ गांव थाना अलीगंज जिला एटा बताया। युवक के अनुसार दो अगस्त को बदमाशों ने अपहरण किया था। उसे हाथ-पैर बांध कर झाड़ियों मेें फेंक दिया।
एसओ की सूचना पर अलीगंज थाने के दरोगा संजय कुमार रात में नवाबगंज थाने में पहुंचे और जितेंद्र सिंह को साथ ले गए। जितेंद्र के पिता हरी सिंह ने गांव के ऋषि प्रधान, अनोज, विपिन, गौतम, शैलेंद्र, पीयूष, पुष्पेंद्र के खिलाफ अलीगंज थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई है। अलीगंज इंस्पेक्टर रामकुमार सिंह ने बताया कि जितेंद्र के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।