शमसाबाद (फर्रुखाबाद)। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ डकैती, मारपीट व छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसमें पीड़ित ने कब्जे की भूमि पर पैमाइश कराने के विरोध में हमला करने का आरोप लगाया है।
एक गांव निवासी ग्रामीण ने कोर्ट के आदेश पर गांव के उमेश, रामऔतार, रामदास, सुरेश, बृजपाल, आकाश, अरुण, राजू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें आरोप लगाया कि उसकी जमीन के कुछ हिस्से पर उमेश ने कब्जा कर रखा है। जमीन की पैमाइश के लिए एसडीएम कायमगंज के यहां प्रार्थनापत्र दिया था।
इसी रंजिश में 15 अप्रैल को आरोपी एकत्र होकर घर में घुस आए और गाली गलौज कर मारपीट करने लगे। घर में रखा सामान तोड़ डाला। शोर सुनकर भाभी बचाने आई तो उनके साथ मारपीट कर कुंडल लूट लिए। इन लोगों ने भाभी के साथ छेड़छाड़ कर उनको अपमानित किया। इस मामले में थाने में शिकायत की। पुलिस ने दोनों पक्षों से दो लोगों का शांतिभंग में चालान कर खानापूर्ति कर दी थी।
एसपी को भी शिकायती प्रार्थना पत्र दिया था। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे कोर्ट में प्रार्थनापत्र दिया था। एसओ दिग्विजय सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेेश पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।