फर्रुखाबाद। 33केवी लाइन में हुए फाल्ट से सोमवार शाम याकूतगंज बिजली उपकेंद्र ठप हो गया। देर रात तक फाल्ट ढूंढे न मिलने से करीब 9000 उपभोक्ताओं की बिजली गुल रही। इससे लोग गर्मी में बिलबिलाते रहे।
बेवर रोड भोलेपुर स्थित 132केवी ट्रांसमिशन उपकेंद्र से निकली 33केवी लाइन से याकूतगंज उपकेंद्र को बिजली आपूर्ति होती है। शाम करीब पांच बजे अचानक फाल्ट आने से 33केवी लाइन ब्रेकडाउन हो गई। इससे याकूतगंज बिजली उपकेंद्र ठप हो गया। जानकारी पर अवर अभियंता कैलाश चंद्र पाठक ने लाइनमैनों के साथ 33केवी लाइन की पेट्रोलिंग कराई। घंटों चली पेट्रोलिंग के बावजूद फाल्ट नहीं मिला। इससे उपकेंद्र के तीनों फीडर से जुड़े करीब नौ हजार उपभोक्ता बिजली न मिलने से गर्मी में बेहाल रहे। देर रात अवर कैलाश चंद्र पाठक ने बताया कि खंभों पर 33केवी लाइन में कोई फाल्ट नहीं मिला। अब अंडरग्राउंड केबल देखी जा रही है। फाल्ट मिलने पर उसे ठीक कराकर बिजली आपूर्ति चालू करने का प्रयास किया जा रहा है।