फर्रुखाबाद। उप जिलाधिकारी सदर व प्रभारी ईओ अमित आसेरी ने बुधवार सुबह नगर पालिका का औचक निरीक्षण किया। जलकल और प्रकाश विभाग में सामान के भंडारण को अव्यवस्थित देख नाराजगी जताई। एई और जेई की फटकार लगाते हुए कबाड़ सामान की सूची तैयार करने व कबाड़ सामान की नीलामी कराने के निर्देश दिए हैं।
बुधवार को उप जिलाधिकारी एवं प्रभारी ईओ अमित आसेरी नगर पालिका के जलकल विभाग पहुंचे। यहां गैलरी में खराब पड़ी मोटरों और स्टोर रूम में अव्यवस्थित ढंग से भरे उपकरणों को देख जलकल विभाग के जेई गौरव मिश्र और एई बीबी सिंह की फटकार लगाई। खराब मोटरों की मरम्मत कराने और कबाड़ की लिस्ट तैयार कर उनकी नीलामी कराने के निर्देश दिए हैं। प्रकाश विभाग में टूटी लाइटें आदि देखकर ईओ ने नाराजगी जताई और कबाड़ की भी सूची बनाकर नीलाम कराने को कहा। पालिका के स्टोर रूम में हैंडपंप की सरिया खुले में पड़े देख उसे ठीक ढंग से रखवाने के निर्देश दिए। ड्यूटी पर देर से आए स्टोर इंचार्ज महेश बाबू को हिदायत दी कि ठीक तरह से काम करें। कूड़ेदान लगवाएं और कबाड़ सामान की सूची बनाकर नीलामी की प्रक्रिया शुरू करें।
एसडीएम ने कर अधीक्षक किरन सोनकर को निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थानों पर लगे विज्ञापन वाले होर्डिंग और एलईडी की सूची बनाकर दें। प्रभारी ईओ ने बताया कि नगर पालिका के कबाड़ की सूची मांगी है। इसके बाद इसकी नीलामी करवाई जाएगी। इस दौरान जलकल विभाग के लिपिक सप्पू वर्मा, जोन प्रभारी सुहेल खां और लिपिक नसीम अहमद जावरी आदि रहे।