फर्रुखाबाद। बैंकों से लेनदेन करने वाले लोग दिवाली से पहले रुपये निकाल लें। नहीं तो फिर कैशलेस हो सकते हैं, क्योंकि दिवाली पर पांच दिनों तक बैंकों में अवकाश रहेगा। इससे दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि शाखा प्रबंधकों का कहना है कि एटीएम में पर्याप्त मात्रा में धनराशि डलवा दी जाएगी, जिससे कैश की किल्लत नहीं होगी।
इस बार दिवाली सात नवंबर को है। इसलिए सात नवंबर को अवकाश रहेगा। इसके बाद 8 को परीवा, 9 को भैयादूज, 10 को दूसरा शनिवार और 11 नवंबर को रविवार होने के चलते साप्ताहिक अवकाश रहेगा। पांच दिन बैंकों की छुट्टी होने के चलते बैंक से लेनदेन करने वाले लोगों को काफी दिक्कत उठानी पड़ सकती है। इन पांच दिनों तक लोग एटीएम के सहारे रहेंगे। अगर लोगों को कैश की किल्लत से बचना है तो दिवाली से पहले ही बैंकों में जाकर लेनदेन कर लें। हालांकि लेनदेन लिए फर्रुखाबाद और फतेहगढ़ युग्म नगरों में करीब आधा सैकड़ा से ज्यादा एटीएम लगे हैं, लेकिन पांच दिन के अवकाश के चलते एटीएम पर भी कैश की किल्लत रहेगी।
विजया बैंक के शाखा प्रबंधक अविनाशचंद्र और महाराष्ट्र बैंक के शाखा प्रबंधक शुभकरन कौशल ने बताया कि वह लोग अपने-अपने बैंक के एटीएम में पर्याप्त धनराशि डलवा देंगे, जिससे कैश की किल्लत न हो।
ऑनसाइड व ऑफसाइड होते हैं एटीएम
बैंक प्रशासन की मानें तो एटीएम दो प्रकार के होते हैं। एक ऑनसाइड और दूसरा ऑफसाइड। ऑनसाइड एटीएम में शाखा प्रबंधकों को कैश डलवाना होता है और ऑफसाइड एटीएम में कैश डालने वाली एजेंसी आकर रुपये डालती है। ब्यूरो