कोरोना योद्धा को पीटने 15 पर रिपोर्ट
फर्रुखाबाद। वैक्सीनेशन कैंप में पहले वैक्सीन लगवाने के विवाद में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के नगर अध्यक्ष से मारपीट करने में तीन नामजद व 12 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। रिपोर्ट लिखने में लेटलतीफी पर शनिवार देर रात कोरोना योद्धा ने अन्य साथियों के साथ कोतवाली में विरोध जताया था। एडीएम से शिकायत भी की थी।
मोहल्ला खैराती खां में सामाजिक संस्था सेवा फर्रुखाबाद के सहयोग से बंगशपुरा निवासी एएनएम रूपम चतुर्वेदी ने शुक्रवार को वैक्सीनेशन कैंप लगाया था। इसमें कोरोना योद्धा व आजाद समाज पार्टी (कांसीराम) के निवर्तमान नगर अध्यक्ष फरीद खान व उनके साथी नगर महासचिव रुशद खान सहयोग कर रहे थे।
तभी पहले वैक्सीन लगवाने की जिद कर रहे मोहल्ले के ही नफीस, कैफ व हसरत गालीगलौज करके चले गए। देर शाम तीनों अपने 12 अज्ञात साथियों संग फरीद खान के घर में घुस गए। तमंचे के बल पर बाहर खींच लाए। दबंगों ने जमकर पिटाई कर दी।
पीड़ित की तहरीर पर जब पुलिस ने ध्यान नहीं दिया, तो देर रात कोरोना निगरानी टीम की पदाधिकारी निहारिका पटेल, सूरज गौतम, डॉ. जाफरी, मेराजुद्दीन शेख समेत कई लोगों के साथ कोतवाली जा पहुंचीं।
उन्होंने पुलिस की ढिलाई की जानकारी एडीएम समेत कई अफसरों को दी। इसके बाद देर रात पुलिस ने आरोपी नफीस, कैफ व हसरस और 12 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की। मामले की जांच नखास चौकी प्रभारी को सौंपी गई है।