अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट व राममंदिर निर्माण समिति की दो दिवसीय बैठक 05 फरवरी से शुरू हो रही है। बैठक में शामिल होने के लिए मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र शुक्रवार शाम अयोध्या पहुंच गए।
बैठक में वंशीपहाड़पुर राजस्थान के पत्थरों की आपूर्ति के साथ-साथ भक्तों की सुविधाएं व भावी योजनाओं पर मंथन किया जाएगा। मंदिर निर्माण समिति की समीक्षा बैठक हर माह आयोजित की जाती है।
इसी क्रम में इस बार दो दिवसीय बैठक आज से शुरू हो रही है। बैठक में शामिल होने के लिए मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने सिद्घपीठ हनुमानगढ़ी व रामलला के दरबार में हाजिरी लगाई।
वे रात्रिकाल सर्किट हाउस में विश्राम करेंगे। समिति अध्यक्ष शनिवार को सुबह नौ बजे रामजन्मभूमि परिसर पहुंचेंगे और रामलला का दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वे मंदिर निर्माण की प्रगति देखेंगे।
परिसर में ही ट्रस्ट के ही पदाधिकारियों व इंजीनियरों के साथ बैठक करेंगे। दोपहर बाद समिति की बैठक सर्किट हाउस में शुरू होगी। बैठक में राममंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों सहित ट्रस्ट के इंजीनियर व कार्यदाई संस्था एलएंडटी व टाटा के इंजीनियर भी शामिल होंगे।
राममंदिर के ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि दो दिवसीय बैठक में राजस्थान के वंशीपहाड़पुर से आने वाले लाल पत्थरों की आपूर्ति को लेकर चर्चा की जाएगी। मंदिर निर्माण के साथ-साथ अन्य प्रकल्पों के निर्माण व भक्तों के लिए सुविधाएं विकसित करने को लेकर मंथन होगा।