36-अयोध्या-सर्किट हाऊस में जिलाधिकारी अनुज कुमार झा,एसएसपी के साथ बैठक करते नृपेंद्र मिश्रा
- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के अभ्यास वर्ग का शुभारंभ रविवार को कारसेवकपुरम में हुआ। अभ्यास वर्ग में 19 अक्तूबर को संघ प्रमुख मोहन भागवत को आना है। इस बीच श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक बुला ली गई है। यह बैठक 18 व 19 अक्तूबर को अयोध्या में ही होगी। बैठक में शामिल होने के लिए श्रीराममंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र रविवार की शाम अयोध्या पहुंच गए हैं। माना जा रहा है कि संघ प्रमुख के समक्ष मंदिर निर्माण की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने की तैयारी है।
राममंदिर निर्माण कार्य जोरों पर चल रहा है। 15 नवंबर तक राममंदिर की नींव तैयार हो जाएगी। रविवार को निर्माण कार्य की समीक्षा करने के लिए मंदिर निर्माण समिति के चेयरमैन नृपेंद्र मिश्र अयोध्या पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने हनुमंत लला के दरबार में हाजिरी लगाई। इसके बाद रामजन्मभूमि पहुंचकर रामलला का दर्शन-पूजन किए। वे सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। सोमवार से दो दिनों तक निर्माण कार्य में लगी एजेंसियों के इंजीनियरों व ट्रस्ट के सदस्यों के साथ समीक्षा करेंगें, साथ ही भावी योजनाओं पर मंथन भी किया जाएगा। ट्रस्ट सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार संघ प्रमुख मोहन भागवत भी 19 अक्तूबर को मंदिर निर्माण समिति की बैठक में शामिल हो सकते हैं। उनके समक्ष मंदिर निर्माण के लिए हुए कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट पेश की जाएगी। हालांकि इसको लेकर ट्रस्ट के किसी भी पदाधिकारी ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि मंदिर निर्माण समिति की बैठक 18 व 19 अक्तूबर को होगी। समीक्षा बैठक है कि जो लगभग हर एक से दो माह में होती है। बैठक में मंदिर निर्माण के कार्यों की समीक्षा व भावी योजनाओं पर मंथन किया जाएगा। संघ प्रमुख के बैठक में शामिल होने के सवाल पर कहा कि इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। फिर भी यह माना जा रहा है कि संघ प्रमुख के समक्ष मंदिर निर्माण की प्रगति रिपोर्ट जरूर प्रस्तुत की जाएगी।