-अयोध्या-महंत नृत्यगोपाल दास से भेंट कर आशीर्वाद लेते उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी
- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने रविवार की सुबह मणिरामदास की छावनी पहुंचकर श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास का आशीर्वाद लिया। उन्होंने उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। इसके बाद राम मंदिर निर्माण की प्रगति पर चर्चा की। इस दौरान कई समसामयिक विषयों पर भी उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने महंत नृत्यगोपाल दास से चर्चा की। साथ ही शीघ्र ही पूरी तरह से स्वस्थ होकर उन्हें एक बार उत्तराखंड यात्रा का निमंत्रण दिया।
बता दें कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार की दोपहर धार्मिक नगरी अयोध्या पहुंचे थे। जहां कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने रामजन्मभूमि परिसर में विराजमान श्रीरामलला सहित हनुमानगढ़ी का दर्शन किया और मां सरयू की आरती में भी शामिल हुए। सीएम धामी ने कारसेवकपुरम जाकर श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से भी मुलाकात की। चंपत राय ने सीएम धामी को राममंदिर निर्माण कार्य की प्रगति से अवगत कराया। यहां महंत कमल नयन दास, सांसद लल्लू सिंह, विहिप के केंद्रीय मंत्री राजेंद्र सिंह पंकज, शरद शर्मा भी मौजूद रहे। रविवार की सुबह दिल्ली सेवा धाम के तत्वावधान में आयोजित भूमिपूजन समारोह में शामिल होने से पहले उन्होंने महंत नृत्यगोपाल दास से आशीर्वाद लिया।
परमहंस की समाधिस्थल पर अर्पित की पुष्पांजलि
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने नयाघाट पहुंचकर परमहंस की समाधिस्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रीमहंत परमहंस रामचंद्रदास सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष आचार्य नारायण मिश्र ने समाधिस्थल पर सीएम धामी का स्वागत सम्मान किया। इस दौरान राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, स्वामी देवेशाचार्य, धर्मेंद्र गुप्ता, मुरलीधर मौर्या सहित अन्य मौजूद रहे।