शादी व सालगिरह हर किसी के जीवन में एक यादगार पल होता है। हर कोई अपनी शादी को और विशेष और यादगार बनाने के लिए कुछ अनूठा करना चाहता है। युगल की इस लालसा को मूर्त रूप देने के लिए डाक विभाग ने नई योजना बनाई है। माई स्टैंप सेवा के तहत अब लोग शादी पर डाक टिकट भी जारी करवा सकते हैं।
शुभ विवाह के विभिन्न पलों को डाक टिकटों के माध्यम से यादगार बनाया जा सकता है। इसी सप्ताह यह अनूठी सुविधा प्रधान डाकघर में आरंभ हो जायेगी। निदेशक डाक सेवाएं कृष्ण कुमार यादव ने बुधवार को दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया।
इन दिनों शादी-विवाह में कुछ और बेहतर करने का प्रचलन जोरों पर है। इस विशेष मौके को और बेहतर और यादगार बनाने के लिए अब डाक विभाग ने अनूठी पहल की है। आप शादी-विवाह और सालगिरह जैसे विशेष मौकों पर डाक टिकट जारी करा सकते हैं।
पांच रुपये के डाक टिकट, जिस पर विवाहित नव युगल की खूबसूरत तस्वीर होगी, वह देश भर में कहीं भी भेजी जा सकती है। इस डाक टिकट पर बाकायदा शुभ विवाह भी लिखा होगा। मात्र 300 रुपये के खर्च में 12 डाक टिकटों की एक शीट बनवाई जा सकती है। इसी प्रकार सालगिरह को भी यादगार बनाने के लिए माई स्टैंप डाक टिकट जारी किए जाएंगे।
जिन पर बाकायदा हिंदी में सालगिरह मुबारक और अंग्रेजी में हैप्पी एनिवर्सरीज के साथ युगल की तस्वीर लगी होगी। जन्मदिन पर भी अब माई स्टैंप बनवाए जा सकेंगे। प्रधान डाकघर में बुधवार को डाक निदेशक सेवाएं कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी कुछ नया चाहती है।
ऐसे में शुभ विवाह, सालगिरह से लेकर जन्मदिन तक की तमाम खुशियों के पलों पर माई स्टैंप के माध्यम से डाक टिकट जारी किया जा सकता है। प्रवर अधीक्षक डाकघर जेबी दुर्गापाल ने बताया कि माई स्टैंप की सुविधा प्रधान डाकघर में उपलब्ध है।
शुभ विवाह व सालगिरह वाले माई स्टैंप आरंभ होने के बाद लोगों को काफी फायदा होगा। इसी सप्ताह से इसका विधिवत शुभारंभ होगा। मुख्य विपणन अधिकारी सत्येंद्र सिंह ने इसे युवाओं के लिये डाक विभाग द्वारा एक अनूठा तोहफा बताया।