अयोध्या। विधानसभा चुनाव के मतदान को लेकर जिले में सभी अस्पतालों को अलर्ट किया गया है। सभी बूथों पर थर्मल स्क्रीनिंग व सैनिटाइजेशन के लिए आशा बहुओं को तैनात किया गया है। वहीं, विकास भवन स्थित कंट्रोल रूम में स्वास्थ्य अधिकारियों को तैनात किया गया है जो प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखेंगे।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अजय राजा ने बताया कि चुनाव आयोग की गाइडलाइन के अनुसार सभी मतदान कार्मिकों को ड्रग किट वितरित की गई है। सभी मॉडल व पिंक बूथों पर बुजुर्गों, दिव्यांगजनों को सुविधा प्रदान करने के लिए व्हीलचेयर भी उपलब्ध कराया गया है। सभी सीएचसी-पीएचसी समेत अस्पतालों पर चौबीस घंटे चिकित्सक व पैरामेडिकल स्टाफ को तैनात किया गया है।
बूथों पर सैनिटाइजेशन व थर्मल स्क्रीनिंग के लिए आशा बहू को तैनात किया गया है। गुरुवार को ही सभी डिप्टी सीएमओ व एसीएमओ ने अपने-अपने क्षेत्र का भ्रमण करके तैयारियों का जायजा लिया है।