अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के ललित कला (फाइन आर्ट्स) संस्थान की ओर से अयोध्या के सौंदर्यीकरण से संबंधित राष्ट्रीय ऑयल पेंटिंग कार्यशाला के तहत शुक्रवार को प्रतिभागियों ने दक्षिण भारतीय कला शैली पर आधारित माता सीता की भव्य छह बाई चार फिट की म्यूरल रिलीफ कलाकृति का सृजन किया।
इसमें रोहन, शिल्पी, वैष्णवी मौर्या, साक्षी पाल, गौतम, अमित, मीना, आनन्द कुमार वर्मा, प्रेमलता, सत्यम गुप्ता, अभिषेक पटेल, बृजेश कौशल, विमल सिंह, कविता कुमारी, आकांक्षा चौधरी, करिश्मा एवं दीपा का सराहनीय योगदान रहा। कार्यशाला की आयोजन सचिव पल्लवी सोनी ने बताया कि दक्षिण भारत में चित्रकला अपने जटिल चित्रकारी, चमकीले रंगों के लिए प्रसिद्ध है।
यह परंपरा भारतीय उपमहाद्वीप में प्राचीन काल से चली आ रही है। इसमें हिंदू देवी-देवता एवं हिंदू पौराणिक कथाओं के दृश्य हैं। इस पेंटिग कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को दक्षिण भारतीय चित्रकला के कई आयामों से परिचित कराया जा रहा है। जिससे कि वे चित्रकला की विभिन्न शैलियों का गहन रूप से अध्ययन कर सके।
विभाग के समन्वयक प्रो. विनोद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि डॉ. प्रिया कुमारी, रीमा सिंह, कविता पाठक, विजय कुमार शुक्ला, शिव शंकर यादव, कुशाग्र पांडेय समेत अन्य ने उत्साहवर्धन किया।