अयोध्या। अयोध्या धाम को विश्वस्तरीय अध्यात्मिक मेगा सिटी बनाने के लिए प्रदेश व केंद्र सरकार का फोकस 34 हजार करोड़ रुपये की 84 प्रमुख योजनाओं पर है। योजनाओं की जानकारी व प्रगति के लिए शासन के निर्देश पर डैशबोर्ड स्थापित हो गया है।
इसके पब्लिक डोमेन में जाकर आमजन अयोध्या की समस्त योजनाओं की जानकारी ले सकते हैं। साथ ही इसमें योजनाओं की मौजूदा प्रगति भी जान सकते हैं। इसके लिए विकास प्राधिकरण ने एक नई वेबसाइट लांच कर दी है।
वेबसाइट का नाम pmoay.com (पीएमओएवाई.कॉम) है। अयोध्या को विश्वस्तरीय पर्यटन सिटी बनाने के लिए 140 योजनाओं का प्रस्ताव है। इसमें विकास संबंधी 35 विभाग शामिल हैं।
इसकी समीक्षा एक साल से हर वर्ष शासन में हो रही है, लेकिन इन योजनाओं के बारे में सही और पूरी जानकारी आम लोगों को नहीं है। आमजन को इसकी जानकारी मिले इसके लिए शासन ने डैशबोर्ड स्थापित किया है।
फिलहाल शासन की शीर्ष प्राथमिकता में 84 योजनाओं को शामिल किया गया है। इन योजनाओं पर 34 हजार करोड़ रुपये खर्च होने हैं। डैशबोर्ड में दो डोमेन निर्धारित किए गए हैं।
एक डोमेट समीक्षा के लिए निर्धारित है जबकि दूसरा डोमेन सीधे पब्लिक के लिए बना है। इस पर जाकर आमलोग अयोध्या की समस्त जानकारी को सीधे जान सकेंगे।
इसमें कौन सी योजना कितने लागत की है और किस योजना की क्या प्रगति है, इसकी जानकारी लोगों को हो सकेगी। साथ ही दूसरे डोमेन पर योजनाओं की समीक्षा निर्धारित की गई है।
इसमें हर हफ्ते मंगलवार के दिन संबंधित विभागों के प्रमुख सचिव समीक्षा करेंगे। विभागों को निर्देश है कि हर हफ्ते के सोमवार को संबंधित विभाग अपनी-अपनी प्रगति डैशबोर्ड पर अपडेट कर दें।
सभी विभागों को उनकी लॉग इन आईडी व पासवर्ड आवंटित हो चुके हैं। अब तक जो विभाग डैशबोर्ड से नहीं जुड़ सके थे, उनको जोड़ा जा चुका है। डैशबोर्ड के स्थापित होने से शासन के अफसर सीधे तौर पर अपने कार्यालय से देखकर संबंधित विभाग को निर्देश दे सकेंगे।
शासन की शीर्ष प्राथमिकता में शामिल 84 योजनाओं में मुख्य रूप से अयोध्या की मुख्य सड़कों का चौड़ीकरण, ग्रीन टाउनशिप, हवाई अड्डा का संचालन, 54 किमी की रिंगरोड, चौदह कोसी व पांच कोसी परिक्रमा मार्ग का चौड़ीकरण, सोलर सिटी, सरयू के दोनों किनारों पर रीवर फ्रंट, गुप्तारघाट का विस्तारीकरण, राममंदिर से हवाई अड्डे को जोड़ने वाली सड़कों का चौड़ीकरण, पर्यटन सुविधा केंद्र, श्रद्धालुओं के रुकने के स्थान, पर्यटकों व श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग स्थलों का निर्माण, रेलवे स्टेशन का विस्तारीकरण, शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने की योजनाओं समेत अन्य योजनाएं शामिल हैं। इन सभी योजनाओं के बारे में सीधे लोग भी जान सकेंगे।
अयोध्या हो रहे विकास कार्यों की योजनाओं को आम जन तक पहुंचाने के लिए डैशबोर्ड का निर्माण हो चुका है। इसके लिए वेबसाइट बनकर तैयार है। लोग वेबसाइट पर जाकर अयोध्या की सभी प्रमुख योजनाओं की प्रगति भी जान सकते हैं। साथ ही शासन की ओर से इस पर हर मंगलवार को समीक्षा भी की जाएगी।- संजीव कुमार, सचिव अयोध्या विकास प्राधिकरण