अयोध्या। दर्शन नगर विद्युत उप केंद्र क्षेत्र के चांदपुर फीडर से जुड़े गांवों में शुक्रवार की रात से ही बिजली गुल होने से उपभोक्ता परेशान हैं। शनिवार को भी समस्या का समाधान नहीं हो सका और जेई और एसडीओ का फोन बंद रहा। क्षेत्रवासियों में आक्रोश का माहौल है।
दर्शन नगर विद्युत केंद्र के सरेठी पंडित का पुरवा, गढ़ी का पुरवा, गंगाराम का पुरवा सहित कई अन्य गांव में शुक्रवार की रात से ही अचानक बिजली गुल हो गई। उमस भरी गर्मी में किसी तरह रात बीती तो लोगों ने दिन में समस्या दूर होने का प्रयास किया। इस बीच पता चला कि ट्रांसफार्मर जल गया है, जिसे बदलवाने के लिए ग्रामीण दिनभर परेशान रहे, लेकिन किसी भी अधिकारी ने नहीं सुना।
वहीं, ग्राम प्रधान रक्षाराम यादव ने बताया कि दिन भर प्रयास किया गया तो पता चला कि कर्मचारी हड़ताल पर हैं। ग्रामीण राजेश मिश्रा, बृजेश पांडेय, अमरनाथ आदि ने बताया कि उमस भरी गर्मी में जीवनयापन मुश्किल है। ऊपर से अंधेरा हो जाने के कारण सांप, बिच्छू आदि का भी खतरा बना हुआ है। जेई और एसडीओ को बार-बार फोन किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।
वहीं, इस संबंध में बात करने के लिए जेई और एसडीओ को फोन किया गया तो उनका फोन बंद रहा। जबकि, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड द्वितीय का फोन उठा तो उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है, समस्या के निस्तारण के लिए बात कर रहे हैं।