रेलवे में गार्ड के पद पर तैनात एक युवक का शव शुक्रवार सुबह उसके घर में ही साड़ी के फंदे से लटका पाया गया। कमरे में रोशनदान व आलमारी के शीशे टूटे मिले हैं।
पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिवारीजनों ने शव को नीचे उतार दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया गया कि मारीनघाट क्षेत्र के जमथरा रोड निवासी मनोज निषाद (29) पुत्र रामकिशन रेलवे में गार्ड के पद पर कार्यरत था। इसी वर्ष मई में उसका विवाह हुआ था।
सुबह मनोज का शव साड़ी के फंदे के सहारे लटका होने की जानकारी पर कैंट पुलिस तथा एसपी सिटी मौके पर पहुंचे तो परिवारीजन शव को फंदे से नीचे उतार चुके थे।
कैंट प्रभारी आरएन सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह पता चलेगी।