नजीपुर गांव में मंगलवार की देर रात निर्माणाधीन मकान के विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान दो बाइकों को आग के हवाले कर दिया गया। मारपीट में आठ लोग घायल हो गए। गंभीर रुप से घायल चार लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मामले में पांच लोगों के खिलाफ थाना पूराकलंदर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। थाना पूराकलंदर क्षेत्र के नजीपुर गांव के रहने वाले रामबक्स ने बताया कि उसके गांव के ही रहने वाले सत्येंद्र कुमार उर्फ राजन ने पंचायत चुनाव के दौरान अपनी कुछ जमीन उनसे बेंची थी।
रामबक्स के मुताबिक, जमीन उन्होंने अपनी बहू सपना पत्नी आसाराम के नाम लिया था। उसी भूमि पर मकान का निर्माण कराया जा रहा था, दीवारें बन चुकी थीं, सिर्फ लिंटर पड़ना बाकी था। रामबक्स ने बताया कि मंगलवार को राजन ने मकान बनने का विरोध किया।
जब वह नहीं माने तो राजन ने देर रात अपने चार दर्जन से अधिक साथियों के संग बाइक से पहुंचकर निर्माणाधीन मकान की दीवार ढहाना शुरू कर दिया। जब उसने रोकने का प्रयास किया तो राजन ने अपने साथियों संग हमला कर दिया।
जिसमें रामबक्स, शिवराम, आसाराम, बसंता, राजेंद्र, रामजियावन, ग्राम प्रधान रामबहोर, कलावती घायल हो गईं, जबकि खुशबू, मोनी, कुमारी पलक, कुमारी नेहा, नवनीत कुमार व सरिता को चोटें आई हैं। गंभीर रुप से घायल राजेन्द्र कुमार, शिवराम, आसाराम व रामजियावन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एहतियातन गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। रामबक्स ने थाना पूराकलंदर में सत्येंद्र कुमार उर्फ राजन, रामसरन, रामावती, दुर्गावती, अंजू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष पूराकलंदर जगदीश उपाध्याय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।