पुलिस व पीएसी के जवानों ने हल्का बल प्रयोग कर हालात पर काबू पाया लेकिन तनाव बना हुआ है। आरोपी को पुलिस ने धार्मिक उन्माद भड़काने और आईटी एक्ट की धाराओं में गिरफ्तार किया है।
फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट के बाद शनिवार देर रात साढ़े 11 बजे अचानक कई मोहल्लों से लोग चौक में जुटने लगे। इसी बीच हुए पथराव से चौक पर खड़ी पुलिस की एक बुलेरो का शीशा टूट गया।
भारी फोर्स के साथ जिलाधिकारी अनिल ढींगरा और एसएसपी उमेश कुमार श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे तो समुदाय के जिम्मेदार लोगों ने उन्हें फेसबुक का पूरा पोस्ट दिखाया और आरोपी को सामने लाने की मांग की।
इसी दौरान भीड़ से कुछ अराजक तत्वों ने फिर पथराव शुरू कर दिया। इससे वज्र वाहन के शीशे को भी क्षति पहुंची। पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर लोगों को खदेड़ना पड़ा।
जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया तब रात दो बजे भीड़ चौक से हटी। नगर कोतवाली में सब्जी मंडी निवासी शाबिर अली की तहरीर पर धार्मिक उन्माद भड़काने और 65 आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ। पुलिस ने मामले के आरोपी अर्जुन चौरसिया को रविवार तड़के नगर कोतवाली के बल्लाहाता, रिकाबगंज से गिरफ्तार किया है।