चौरेबाजार इलाके में विसुही नदी पुुल पर हादसा
बीकापुर (फैजाबाद)। कोतवाली क्षेत्र के चौरेबाजार पुलिस चौकी अंतर्गत विसुही नदी, मंगारीपुल के बीचोंबीच शुक्रवार को दोपहर करीब 3 बजे रोडवेज की अनुबंधित बस और ट्रक में आमने-सामने की जबरदस्त भिड़ंत हो गई।
इस दुर्घटना में बस चालक सहित करीब दस यात्रियों को चोटें आई हैं। मौके पर पहुंची कोतवाली, हैदरगंज व तारुन पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर सभी घायलों को सीएचसी कूरेभार भेजवाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चार लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
यात्रियों को लेकर परिवहन निगम की बस फैजाबाद से सुल्तानपुर जा रही थी। सुल्तानपुर की तरफ से फैजाबाद की तरफ सीमेंट लादकर आ रहे ट्रक से विसुही नदी पुल पर भिड़ंत हो गई।
इसमें बस में सवार गंभीर रूप से घायल अजीत कुमार (28), आशीष कुमार (25), अनूप कुमार (20) निवासी गिरधरपुर, डुमरियागंज जिला सिद्धार्थनगर सहित एक अज्ञात को एंबुलेंस से सीएचसी कूरेभार लाया गया जहां पर चिकित्सक ने इन्हें जिला अस्पताल सुल्तानपुर भेज दिया।
इसके अलावा बस में सवार करीब आठ लोगों को हल्की चोटें आई हैं, जो दूसरे वाहन से घर चले गए। दुर्घटना के बाद पुल पर दोनों तरफ करीब 500 मीटर तक गाड़ियों का लंबा जाम लग गया। पुलिस ने एक साइड से वाहनों को निकाला और क्रेन मंगवाकर दुर्घटनाग्रस्त बस व ट्रक को हटवाया।
मौके पर सीओ अरविंद चौरसिया, एसएसआई सतीश यादव, बाबूराम राजवंशी, हरिश्चंद्र यादव, शशिकांत पांडेय, तारुन एसओ बृजेश सिंह मौजूद रहे। घायल एक व्यक्ति की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसे सुल्तानपुर भेजा गया है।
अन्य घायलों के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई। सीओ अरविंद चौरसिया ने बताया कि कूरेभार सीएचसी में कोतवाली पुलिस भेजी गई है, वापस आने पर अन्य जानकारी मिल पाएगी।