हालत गंभीर, जिला अस्पताल में भर्ती
हैदरगंज (फैजाबाद)। पशु व्यापारी से रंगदारी मांगने व उसे बंधक बनाकर पीटने का मामला सामना आया है। वहीं, दबंगों की पिटाई से घायल पशु व्यापारी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
सोमवार शाम करीब 4:30 बजे गांव गौहानी थाना हैदरगंज निवासी बब्बन शर्मा हैदरगंज से बछिया खरीदकर अपने घर जा रहा था। रास्ते में धर्मेंद्र सिंह निवासी धमहर और पप्पू खान निवासी दसलावन ने रंगदारी मांगते हुए धमकी दी कि अगर तुमको गाय-भैंस का धंधा करना है तो हमें पैसा देना होगा।
बब्बन द्वारा प्रतिरोध करने पर उसे एक घर में बंद कर जमकर पीटा गया। बाद में गांव वालों ने उसे कमरे से निकाला गया और उसे सीएचसी तारुन ले गए। यहां उसकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
तारुन सीएचसी के डॉ. वेद प्रकाश तिवारी के अनुसार, बब्बन के शरीर पर गंभीर चोट के निशान है और उसे खून की उल्टी भी हो रही है। थाना प्रभारी का कहना है कि तहरीर मिली है, जांच की जा रही है।