10 माह बाद शव निकाल कर पोस्टमार्टम को भेजा
कोछा बाजार (फैजाबाद)। बीकापुर कोतवाली क्षेत्र ग्राम पंचायत कोछा के महादेव रायपुरवा में करीब 10 माह पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में 17 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई थी। मृतक की माता आशा राय के प्रार्थना पत्र पर जिलाधिकारी फैजाबाद के आदेश पर शुक्रवार को तहसील और पुलिस प्रशासन द्वारा कब्र खोदवाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
महादेव राय के पुरवा निवासी अवधेश राय पुत्र जय प्रकाश राय की 24 जुलाई 2017 को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शुरूआत में विद्युत करंट की चपेट में आने से मौत होने की बात बता कर परिवारीजनों ने बिना किसी कार्रवाई के गांव के समीप शव दफना दिया था। घटना के कुछ दिनों बाद मृतक की मां द्वारा न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर गांव के ही शिव पूजन राय व सुमित राय पर मृतक को जहर देकर मारने तथा चुपके से शव दफनाने का आरोप लगाया। मामले में जिलाधिकारी व एसएसपी के आदेश पर नायब तहसीलदार बीकापुर शशिकांत त्रिपाठी व उप निरीक्षक घनश्याम पाठक की मौजूदगी में शुक्रवार को कब्र खोदवाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
वहीं दूसरी तरफ ग्रामीणों का कहना है कि 24 जुलाई को युवक को करंट लग गया था। घटना के समय माता-पिता के घर से बाहर होने के कारण ग्रामीणों द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर ले जाया गया। जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया था, लेकिन उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। नायब तहसीलदार बीकापुर शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि मौत की प्रथम सूचना बिजली के करंट लग जाने की ही मिली थी। लेकिन काफी दिनों बाद परिवारीजनों द्वारा पोस्टमार्टम की मांग की गई। जिसमें जिलाधिकारी के आदेश पर कब्र खोदवाई गई। उपनिरीक्षक घनश्याम पाठक ने बताया कि खोदाई के दौरान मिले नरकंकाल का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।