हनुमतनगर (अयोध्या)। पूराकलंदर थाना क्षेत्र के रामवन गमन मार्ग पर कर्माकोड़री के कोड़री गांव के पास बाइक सवार बदमाशों ने बाइक से जा रहे एक युवक को गोली मारकर उसका बैग और बाइक छीनकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया। बैग में करीब ढाई लाख रुपये होने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है।
तारुन थाना क्षेत्र के नागपाली गांव निवासी आयुष वर्मा (24) पुत्र रामकिशोर वर्मा रविवार की शाम करीब 7:30 बजे बाइक से शहर से अपने घर जा रहा था। वह जैसे ही पूराकलंदर थाना क्षेत्र के राम वन गमन मार्ग पर कोड़री गांव के पास पहुंचा कि पीछे से बाइक पर सवार दो बदमाश आए और उसके ऊपर गोली चला दी। गोली युवक के बाएं हाथ में लगी और वह बाइक लेकर गिर पड़ा।
युवक के गिरते बदमाश बाइक और बैग लेकर फरार हो गए। घायल युवक ने घटना की सूचना डायल 112 पर दिया। सूचना पर पहुंची डायल 112 की पुलिस ने घायल युवक को जिला अस्पताल ले गई। युवक की रामपुर भगन में खाद की दुकान है, बैग में ढाई लाख रुपये होने की चर्चा है। पूराकलंदर प्रभारी थानाध्यक्ष विजय सेन सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध लग रही है, फिर भी घटना की हर पहलू से छानबीन की जा रही है। संवाद