राजकीय इंटर कॉलेज में अयोध्या जिले की पांच विधानसभा सीटों के लिए वोटों की गिनती सुबह आठ बजे से जारी है। विधानसभा वार 14-14 टेबल पर ईवीएम में बंद 11,45 609 वोटों की गिनती की जा रही है और सूरज का उतार शुरू होने तक जिले के पांचों विधायक तय हो जाएंगे। मतगणना की तैयारी में लगे अफसरों के मुताबिक यदि सभी विधानसभा सीटों के लिए समान रुप से मतगणना चली तो जिले में पहला परिणाम अयोध्या का मिलेगा। इसके डेढ़ बजे तक मिलने की संभावना है।
अयोध्या में 30 राउंड की मतगणना होगी। गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र का नतीजा सबसे अंत में घोषित होने की संभावना है। जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों रुदौली, मिल्कीपुर (सुरक्षित), बीकापुर, अयोध्या और गोसाईगंज के वोटों की गिनती की जाएगी।
विधानसभा चुनाव रिजल्ट: इस लिंक पर मिलेगा हर अपडेट
सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों के लिए कुल 46 प्रत्याशी मैदान में है। अपर जिलाधिकारी व उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित सिंह ने बताया कि विधानसभा वार निर्धारित कक्षों में आरओ सहित 15 टेबल की व्यवस्था रहेगी।
गिनती के लिए कुल 95 टीमें बनाई गई है। मतगणना कक्ष के अंदर की सुरक्षा का जिम्मा पैरामिलिट्री फोर्स पर होगा। गणना स्थल पर किसी भी तरह की आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था मुहैया कराने कराने को मेडिकल टीम भी मौजूद रहेगी।
विधानसभावार मतगणना पर पर नजर
सीट कुल वोटों की गिनती
अयोध्या 2,30,719
बीकापुर 2,40,822
मिल्कीपुर 2,15,425
रुदौली 2,18,434
गोसाईगंज 2,40,209
इस लिंक पर क्लिक करें और उत्तर प्रदेश के चुनावी नतीजों से हो जाएं रूबरू
मतों की गणना के दौरान हर राउंड के बाद प्रत्याशियों को मिले वोटों की स्थिति को एनाउंस किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन की ओर से व्यवस्था की गई है।
परिणाम की घोषणा के बाद मतगणना केंद्र के आसपास विजय जुलूस निकाले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके अलावा धरना-प्रदर्शन या सामूहिक तौर पर एकत्रित होने पर भी अघोषित रोक रहेगी।
एसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर ने बताया कि सभी थाना व चौकी पर मतगणना को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। किसी तरह की अराजकता फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। किसी ने शांति व्यवस्था में खलल पैदा करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर ने बताया कि प्रत्याशी जीत के बाद विजय जुलूस नहीं निकाल सकेंगे।
इसके लिए सभी को निर्देशित किया गया है। वहीं, जीते हुए प्रत्याशी के अलावा पहले रनर प्रत्याशी को भी सुरक्षा व्यवस्था के साथ घर तक सकुशल पहुंचाया जाएगा।
मतगणना से पूर्व तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए पुलिस अधिकारियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश पांडेय के नेतृत्व में मतगणना केंद्र का सघन निरीक्षण किया।
एसएसपी ने सभी प्वाइंट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखने व किसी प्रकार से गड़बड़ी फैलाने वालों पर सख्ती से पेश आने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी बैरियर पर किसी तरह की ढिलाई कदापि न बरती जाए।
पास दिखाए बगैर जो भी प्रवेश करने की कोशिश करे, उस पर कार्रवाई की जाए। कहा कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखना पहली प्राथमिकता है, इससे खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस मौके पर एसपी सिटी विजयपाल सिंह, एसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर, सीओ सिटी पलाश बंसल, सीओ ट्रैफिक डॉ राजेश तिवारी, नगर कोतवाल देवेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।